शाहाबाद। नलवी गांव में माता गुजर कौर, छोटे साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को समर्पित सालाना गुरमत समागम आयोजित किया गया। यह समागम शहीद उधम सिंह नौजवान सेवक सभा के सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से करवाया। सर्वप्रथम रविवार सुबह तीन दिन से जारी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के श्री अखंड साहिब जी के भोग डाले गए और उसके बाद सजे दीवान में गुरबाणी कीर्तन शुरू किया। सजे दीवान में श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर से पहुंचे हजूरी रागी भाई अमनदीप सिंह, गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब के हजूरी रागी भाई मनराज सिंह, मानकपुर से आए ढांडी जत्था ज्ञानी गरजा सिंह और बीबी कंवलजीत कौर मस्कीन ने संगत को गुरबाणी कीर्तन सुनाकर निहाल किया। समागम के दौरान संगत हेतु गुरु के लंगर की व्यापक व्यवस्था की गई। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रवक्ता बेअंत सिंह नलवी ने बताया कि गुरमत समागम से पहले शनिवार को भी विशाल नगर कीर्तन भी गांव नलवी में निकाला गया था। इस मौके गांव नलवी और आसपास के गांव की संगत उपस्थित रही।