कुरुक्षेत्र। गुरुकुल के बाॅस्केटबॉल खिलाड़ी अनिकेत ने स्वर्ण पदक जीतकर गुरुकुल का नाम रोशन किया है। खिलाड़ी अनिकेत ने गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 67वीं स्कूल नेशनल बाॅस्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 27 से 30 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थी। इस बड़ी उपलब्धि पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने फोन कर अनिकेत की सराहना की। अब नेशनल गेम्स में गोल्ड मिलने पर जहां अनिकेत के परिजनों में खुशी है तो वहीं गुरुकुल में भी जश्न का माहौल है। स्वर्ण पदक जीतकर गुरुकुल में पहुंचे अनिकेत का निदेशक ब्रिगेडियर डाॅ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबे प्रताप, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य ने स्वागत किया।
संस्थान के निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 67वीं स्कूल नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें देशभर से लगभग 35 टीमों ने भाग लिया। बाॅस्केटबॉल प्रतियोगिता में छात्र अनिकेत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है। इस मौके पर कोच अरुण कुमार, संजीव आर्य, देवीदयाल सहित अन्य मौजूद रहे।