कुरुक्षेत्र। जिले के 23 पटवारियों को भ्रष्ट बताए जाने पर दूसरे पटवारियों का भी गुस्सा शांत नहीं हो रहा। इसी के चलते सोमवार को पटवारी अपनी कुर्सियां छोड़ सड़कों पर आ गए और जिला उपायुक्त कार्यालय पर करीब तीन बजे तक धरना देकर रोष जाहिर किया।
पटवारखानों में पटवारियों के न मिलने से आम जनता के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए। दो दिन छुट्टी के बाद सोमवार को खुले कार्यालयों में लाेग उम्मीद के साथ काम करवाने के लिए पहुंचे। लेकिन यहां से उन्हें निराश लौटना पड़ा। पटवारियों की ओर से कार्य न कर पाने के चलते 200 से अधिक रिहायशी प्रमाण पत्र, 100 से ज्यादा रजिस्ट्रियां और 100 से अधिक इंतकाल व अन्य कार्य अटके रहे तो लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के 23 पटवारियों पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के विरोध में पटवार और कानूनगो एसोसिएशन ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया तथा उपायुक्त नेहा सिंह को ज्ञापन सौंपा। वे सुबह 11 से तीन बजे तक उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का इंतजार करते रहे तथा कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। एसोसिएशन ने मांग की है कि बिना किसी ठोस साक्ष्य और विभागीय जांच के, सीआईडी रिपोर्ट को आधार बनाकर पटवारियों को भ्रष्ट करार देना गलत है। यह न केवल पटवारियों की छवि खराब करने वाला कदम है, बल्कि उनके मनोबल को भी गिराता है। उनका कहना है कि अगर पटवारियों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो उसके लिए उचित कार्रवाई की जाए। लेकिन किसी भी कर्मचारी को दोषी साबित किए बिना भ्रष्ट घोषित करना उचित नहीं है। सीआईडी रिपोर्ट के आधार पर लिए गए फैसलों को निरस्त किया जाए। उपायुक्त ने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
बॉक्स
काली पट्टी बांधकर तीन दिन तक करेंगे प्रदर्शन : साहब सिंह
एसोसिएशन के प्रधान साहब सिंह ने बताया कि वे 21 जनवरी से तीन तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया और सीआईडी रिपोर्ट के आधार पर लिए गए फैसलों को निरस्त नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई की जानी चाहिए।
बॉक्स, फोटो 25
नहीं करवा सका रजिस्ट्री : रामेश्वर
मुंडा खेड़ा गांव के रामेश्वर ने बताया कि वे रजिस्ट्री से संबंधित कार्य करवाने के लिए आया था। लेकिन यहां आकर पता चला कि पटवारी प्रदर्शन पर बैठे हैं और वे कोई भी कार्य नहीं कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
बॉक्स, फोटो 27
नहीं बनवा पाया रिहायशी प्रमाण पत्र : साहब सिंह
झिमरहेड़ी के साहब सिंह ने बताया कि वह रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आया था जो उन्होंने जरूरी दस्तावेजों के साथ लगाना था। पटवारियों के प्रदर्शन पर होने के चलते काम अधूरा लटक गया।
बॉक्स
नहीं करवा पाया इंतकाल : सुरेश
अजराना कलां गांव के सुरेश कुमार ने बताया कि वे इंतकाल लेने के लिए आए थे और यहां आकर देखा की पटवारखाने में कोई भी कर्मचारी नहीं है तथा अगले तीन दिन तक भी पटवारी प्रदर्शन पर हैं। ऐसे में उनका कार्य बहुत प्रभावित हो रहा है।