कुरुक्षेत्र। छीनाझपटी व चोरी की वारदात में कार्रवाई न होने से नाराज दो किन्नरों ने बिरला मंदिर के पास पिपली-थर्ड गेट पर जाम दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर डायल-112 की टीम मौके पर आई और उनको समझाने का प्रयास किया। शास्त्री मार्केट निवासी किन्नर ने बताया कि देर रात भद्रकाली मंदिर के पास कुछ युवकों ने उनका पीछा किया और उनके साथ बदतमीजी की। कुछ देर बाद बाहरी मोहल्ला निवासी एक युवक ने अपने साथियों के साथ उनके घर से जेवर, मोबाइल, बाइक व करीब 15 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। उन्होंने उनको रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ मारपीट की तथा उसका मोबाइल तोड़ दिया। मामले को लेकर देर रात ही वे लोग थाना कृष्णा गेट पहुंचे, मगर पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की।
वहीं, डायल-112 की टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची तथा जाम को खुलवाने का प्रयास किया, मगर किन्नर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर कायम रहे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 15-20 मिनट के बाद पुलिस ने उनको समझा बुझाकर शांत किया और तुरंत कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम खोलने पर राजी कर लिया।