कैथल। तांत्रिक गतिविधियों से नाराज होकर गांव उझाना निवासी आरोपी सतीश उर्फ मौजी को 22 जुलाई की रात को अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी तांत्रिक क्रियाओं में ज्यादा विश्वास करती थी, जो उसको यह चीज पसंद नहीं थी। इसके लिए उन दोनों का अक्सर विवाद रहता था। उस दिन भी उनका इसी बात पर झगड़ा हुआ था।
आरोपी ने कहा कि उसके भाइयों के सामने मेरा अपमान किया था। उसने गुस्से में आकर इसी बात की रंजिश में गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या की। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि पानीपत जिले के गांव जलालपुर निवासी निवेश ने थाना सदर में शिकायत दी थी कि उसकी बहन पूनम की शादी करीब 20 वर्ष पहले गांव उझाना निवासी सतीश उर्फ मौजी के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी को घरेलू खर्च नहीं देता था और परिवार में आए दिन झगड़े होते रहते थे।
शिकायत में बताया गया कि 21 जुलाई को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता अपने भाई के साथ गांव उझाना पहुंचा और दोनों को समझाकर लौट गया। अगले दिन 22 जुलाई की सुबह उसकी भांजी ने फोन कर बताया कि उसके पिता ने उसकी मां का गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचा। पुलिस टीम ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी कुलदीप की अध्यक्षता में आरोपी की तलाश में टीम लग गई थी।