कुरुक्षेत्र। लाडवा-बाबैन रोड पर बाबैन चौक के पास सड़क किनारे खड़ी कार की अचानक खुली खिड़की से बचने के प्रयास में बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने बुजुर्ग दंपती को कुचल दिया। हादसे में 60 वर्षीय बंतो देवी की मौत हो गई, जबकि उनके 65 वर्षीय पति कर्म सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक चला रहा गुदियाना निवासी संदीप कुमार भी घायल हो गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।
संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त मुकेश ड्यूटी पर गया हुआ था। मुकेश ने उसे अपनी मां बंतो देवी की तबीयत खराब होने और दवाई दिलवाने के लिए कहा था। इसके बाद वह बाइक पर मुकेश के माता-पिता को बैठाकर लाडवा आया। दवाई दिलवाने के बाद तीनों गांव लौट रहे थे। बाइक पर बीच में बंतो देवी और पीछे कर्म सिंह बैठे थे।
इशारा करने पर भी नहीं रोका कंटेनर
लाडवा-बाबैन रोड पर बाईं ओर खड़ी ब्रेजा कार के चालक ने अचानक खिड़की खोल दी। उससे टकराने से बचने के प्रयास में संदीप बाइक का संतुलन खो बैठा और तीनों सड़क पर गिर गए। संदीप ने पीछे से आ रहे कंटेनर चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और बुजुर्ग दंपती को कुचलता हुआ निकल गया।
ब्रेजा कार चालक घायलों को लाडवा के सरकारी अस्पताल ले गया। वहां से बंतो देवी और कर्म सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें शाहाबाद के आदेश अस्पताल ले गए। वहां रात करीब आठ बजे बंतो देवी की मौत हो गई। लाडवा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि कंटेनर के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बंतो देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की।