फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच आज पुलिस के पहरे में सड़कों की होगी सफाई

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। नगर प्रशासन ने इसे पटरी पर लाने के लिए कमर कस ली है। बुधवार से पुलिस के पहरे में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शहर को अलग-अलग जोन में बांटकर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी तय की गई है। मंगलवार को भी हड़ताल के बावजूद 203 कर्मचारी ड्यूटी पर रहे। इन कर्मचारियों और 35 से अधिक टिप्परों ने दिनभर कचरा उठाया। प्रशासन का लक्ष्य बिगड़ी व्यवस्था को जल्द सामान्य करना है। पिपली रोड, झांसा रोड, रेलवे रोड, सेक्टर सात रोड पर कचरा उठान का असर दिखा। हालांकि, बाजारों और कॉलोनियों में अभी भी बदहाली बनी हुई है। मोहन नगर और रोटरी क्लब चौक पर कचरा उठान के दौरान कुछ सफाई कर्मियों ने विरोध भी जताया।
विज्ञापन


188 कर्मचारी हड़ताल पर डटे

दूसरी ओर थानेसर नगर निकाय के 188 सफाई कर्मचारी मंगलवार को भी हड़ताल पर डटे रहे। प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के बावजूद कर्मचारियों ने काम पर लौटने के बजाय हड़ताल जारी रखी। नगर परिषद कार्यालय पर धरना देकर दिनभर नारेबाजी करते रहे। इकाई के प्रधान सुनील लोहाट के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एलान किया कि सरकार के इस तरह के दबाव में नहीं आएंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जनसंघर्ष मंच की ओर से उषा कुमारी, एसकेएस से ओमप्रकाश सहित कई अन्य कर्मचारी नेता भी पहुंचे। निर्णय लिया गया कि दो दिन पहले आंदोलन के दौरान कर्मचारी रोहित की मौत हो गई थी। बुधवार को सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उधर, इन कर्मचारियों को बुधवार तक नोटिस का जवाब देना होगा। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।


आठ कर्मचारियों पर गिर सकती है गाज

हड़ताल के मामले में प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं। आठ कर्मचारियों की नौकरी पर भी संकट मंडरा रहा है। बुधवार को नोटिस का जवाब मिलने के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई पर निर्णय ले सकता है। इन कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किए जाने को लेकर नोटिस दिए हुए हैं। ऐसे में सफाई कर्मियों की हड़ताल के लिए बुधवार का दिन अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन



जोन बनाकर होगी सफाई : राजेश कुमार

नगर परिषद के ईओ राजेश कुमार का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर प्रशासन ने अलग-अलग जोन तय किए हैं। प्रत्येक जोन में कर्मचारियों और कचरा उठाने वाले वाहनों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाए जाने से प्रशासन किसी तरह के विवाद या व्यवधान से भी निपटने की तैयारी में है। पहले दिन एक टीम को पिपली से मोहन नगर तक, दूसरी टीम को मोहन नगर से थर्ड गेट तक व तीसरी टीम को रेलवे रोड की जिम्मेदारी सौंपी है। सभी दरोगाओं के साथ बैठक कर पूरी रणनीति पर चर्चा की जा चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें