शाहाबाद स्थित गैस एजेंसी पर कार्यरत कर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने पर अंबेडकर सभा व बेगमपुरा टाइगर फोर्स भड़क उठी। सभा पदाधिकारियों ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया तथा राज्य मंत्री कृृष्ण बेदी सहित जिला व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिसके उपरांत राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
सभा के लाडवा प्रधान रत्न लाल की अध्यक्षता में दिए गए धरने के दौरान सभा पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि शाहाबाद स्थित भारत गैस एजेंसी से 16 सितंबर को कर्मचारी गैस सिलेंडरों से भरा ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गांव चढ़ूनी जाटाना गए हुए थे। जहां कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और सिलेंडरों में गैस कम होने के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि जयपाल, नैबा, डिल्लू, सचिन, सलेंद्र, नीला, अभय, अजय सहित अन्य लोगों ने इन कर्मियों के कपड़े निकलवाकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
सूचना मिलने पर जब एजेंसी संचालक जब वहां पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कर्मियों के पास से 35 हजार रुपयेे भी छीन लिए। सूचना दिए जाने पर भी शाहाबाद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची और अब आरोपियों के खिलाफ शिकायत दिए जाने पर भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाए कि राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के इशारे पर ही पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि उक्त आरोपी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे कड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं उन्होंने इस दौरान एसपी को भी एक शिकायत दी तो वहीं सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज करवाई। धरना दे रहे लोगों में विक्रमजीत, प्रदीप कुमार, गुरप्रीत, दिलबाग सिंह सहित दर्जनों लोग शामिल थे।