पिहोवा। ससुरालजनों की ओर से एक महिला के साथ मारपीट व उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस तक मामला पहुंचने पर जांच शुरू की गई।
मोहाली वासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 10 वर्ष पहले उसकी शादी पिहोवा निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। यह उसकी दूसरी शादी थी और उसका एक बेटा भी है। शादी के कुछ दिन बाद ही पति सउदी अरब नौकरी पर चला गया। इसी दौरान ससुर ने उस पर गलत नजर रखनी शुरू कर दी और छेड़छाड़ की। शिकायतकर्ता ने जब यह बात सास को बताई तो उसने भी साथ देने के बजाय चुप्पी साध ली। कुछ समय बाद ससुर ने दोबारा उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की जिससे डरकर महिला अपनी मां के साथ मायके चली गई। इसके बाद पंचायत के माध्यम से समझौता हुआ और दंपती किराये के मकान में रहने लगे लेकिन वहां भी हालात नहीं सुधरे।
उसने आरोप लगाया कि पति शराब के नशे में मारपीट करता और दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहा। कुछ समय बाद पति फिर विदेश चला गया और कोई खर्च नहीं भेजा। इस बीच महिला को पता चला कि पति ने बिना तलाक किए दूसरी शादी कर ली है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।