कुरुक्षेत्र। शाहाबाद अनाजमंडी में बाहरी धान लाने के आरोप में एक फर्म के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। धान से भरे दो ट्रक मंडी के निर्धारित जांच नाकों को बाईपास कर जबरदस्ती परिसर में दाखिल हो गए। मार्केट कमेटी सचिव की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, दो अक्तूबर रात करीब 8:10 बजे लाडवा रोड स्थित मंडी गेट से धान की बोरियों से भरे दो ट्रक प्रवेश कर गए। डाटा एंट्री ऑपरेटर लवजीत सिंह ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक नहीं रुके। सूचना मिलने पर मंडी सुपरवाइजर रणबीर सिंह ने यार्ड का निरीक्षण किया, जहां दोनों ट्रक कॉमन प्लेटफॉर्म पर खड़े मिले। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक गौरव अरोड़ा ने ई-खरीद पोर्टल की जांच की तो दोनों ट्रकों के आउटवर्ड गेट पास सुबह 10:41 और 11:12 बजे जारी होने की जानकारी मिली। दोनों की एंट्री एक ही फर्म ने कराई थी। मार्केट कमेटी सचिव जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।