पिहोवा ब्लॉक समिति चेयरमैन के चुनाव के दौरान शुक्रवार को राज्य मंत्री कृष्ण बेदी और उनके समर्थकों पर एक न्यूज चैनल के पत्रकारों के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि मंत्री ने कैमरामैन के साथ गालीगलौच और धक्का मुक्की की। उनके समर्थकों ने कैमरामैन को पीटा और उसका कैमरा तोड़ डाला। ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए शुक्रवार को बीडीपीओ कार्यालय में चुनाव चल रहा था। लगभग सवा दो बजे राज्यमंत्री कृष्ण बेदी वहां आकर बीडीपीओ के साथ लगते सीडीपीओ के कमरे में बैठे तो पिहोवा विधायक जसविंद्र सिंह संधू चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगा भीतर जाकर उनके साथ उलझ गए। बाद में बेदी सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में चले गए। संधू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री चुनाव से जुड़े अधिकारियों और सदस्यों पर दबाव बनाने के लिए यहां बैठे थे। वह इसकी शिकायत चुनाव आयोग को करेंगे। इस पर बेदी की प्रतिक्रिया जानने के लिए न्यूज चैनल के पत्रकार विनोद सैनी और कैमरामैन जगीर मोर रेस्ट हाउस पहुंचे। सैनी और मोर का आरोप है कि जब उन्होंने बेदी से सवाल पूछा तो वह तैश में आ गए और गाली गलौच शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो समर्थकों ने जगीर मोर पर हमला कर दिया। पिहोवा थाने के एसएचओ के अनुसार फिलहाल इस मामले में शिकायत नहीं मिली है।
मैं रेस्ट हाउस में आराम कर रहा था। इसी दौरान दो पत्रकार गनमैन को धक्का देकर कमरे में घुस गए और बेवजह सवाल करने लगे। ऐसे में रेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाल दिया। इसके बाद क्या हुआ मुझे जानकारी नहीं है।- कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री