शाहाबाद पुलिस ने एक विवाहिता को जान से मारने की धमकी देने व दहेज की मांग के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत पर गुरजीत सिंह, प्रकाश सिंह, ज्योति एवं संजू पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव तंगौर निवासी एक महिला ने कहा कि उसकी शादी सिख रीति रिवाज के अनुसार गुरजीत सिंह निवासी मोहाली के साथ हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने लगभग 15 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन उसके ससुराल वाले कम दहेज लाने बारे ताने मारते थे और मार पिटाई करते थे। उसका पति व ससुर 50 हजार रुपये नकद व एक मोटरसाइकिल लाने के लिए तंग कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने तंग आकर 50 हजार रुपये अपने मायके से लाकर दोनों आरोपियों को दिए लेकिन उनका व्यवहार नहीं बदला। शिकायत में कहा गया कि ज्योति व संजू ने भी उसके साथ मारपीट की। जब उसने यह बात अपने ससुर और पति को बताई तो उन्होंने कहा कि यदि घर में रहना है तो सब कुछ सहना पड़ेगा। एक दिन सभी आरोपियों ने एक साथ मिलकर उसकी मारपीट की और जहर देकर मारने की कोशिश की। लेकिन शिकायतकर्ता ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई।