कुरुक्षेत्र। स्वास्थ्य केंद्र पिपली में स्वछता जांच और जाकरूकता के लिए पहुंची टीम। स्वयं
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र को स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 में बेहतर स्थान दिलाने के लिए नगर परिषद थानेसर ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से नगर परिषद थानेसर ने सात विशेष टीमों को फील्ड में लगाया है। ये टीमें शहर के 32 वार्डों में स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण कर रही हैं। टीमों की ओर से स्वच्छता मानकों की जांच के साथ-साथ वहां मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। नगर परिषद की ओर से पिछले एक सप्ताह से यह अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त ने कहा कि शहर की गलियों, चौकों और सार्वजनिक स्थानों में साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी है। कूड़ा फेंकने वालों पर अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि घरों व दुकानों का कचरा डोर-टू-डोर कलेक्शन गाड़ियों में ही दें और सड़क किनारे कचरा फेंकने से बचें।