हरियाणा रोडवेज की बस में हुए बम धमाके को लेकर जांच एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। मामले की जांच के लिए शुक्रवार को एनआईए के अलावा दिल्ली और चंडीगढ़ आईबी की टीमें यहां पहुंचीं। एनआईए की टीम ने भी बस में कई नमूने लिए।
बृहस्पतिवार को सोनीपत से चंडीगढ़ जा रही रोडवेज की बस में बम विस्फोट मामले में जांच के लिए सुरक्षा एजेंसियां यहां पहुंच गई हैं। विस्फोट के बाद बस को यहीं पर रखा गया है। पांच सदस्यों की इस संयुक्त टीम ने बस का बारीकी से निरीक्षण किया और नमूने भी लिए हैं। करीब एक घंटे तक जांच के बाद आईबी की टीम यहां से रवाना हो गई।
इसके बाद दोपहर करीब एक बजे एनआईए की दो सदस्यों की टीम भी वहां पहुंची। एसपी सिमरदीप सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी भी साथ में थे। एनआईए के जो दो अधिकारी यहां आए थे, उन्होंने ही पानीपत धमाके की भी जांच की थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस टीम ने विस्फोट में इस्तेमाल की गई सामग्री और विस्फोट के तरीके के बारे में जांच की है ताकि पानीपत धमाके और इस धमाके में समानता तलाशी जा सके।
पुलिस से जुड़े सूत्रों की मानें तो एनआईए की टीम ने जब बस की जांच की और नमूने लिए तो एक अधिकारी ने वहीं पर एसपी सिमरदीप से कह दिया था पानीपत और यह धमाका एक जैसा है। हालांकि अधिकृत तौर पर यह बात नहीं कही जा रही है।
आईकार्ड पहुंचाएगा गुनहगारों तक
पुलिस सूत्रों की मानें तो धमाके के बाद जांच एजेंसियों को कई चीजें मिली थीं। इसमें कई विजिटिंग कार्ड्स के अलावा एक आईकार्ड भी मिला था। यह आईकार्ड किसका था, यह बात सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक इस कार्ड और विजिटिंग कार्ड्स के आधार पर पुलिस टीमें प्रदेश भर में छापेमारी कर रही हैं। बताया जाता है कि सीआईए की भी अलग-अलग टीमें बनाकर गुनहगारों की तलाश में भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीमें दो दिनों में सोनीपत, पानीपत, करनाल सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में छापेमारी कर चुकी हैं। अभी भी कई जगह छापेमारी की जा रही है।
देर रात डीजीपी भी आए थे कुरुक्षेत्र
धमाके के बाद प्रदेश के डीजीपी केपी सिंह भी कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। वे रात करीब सवा 12 बजे यहां आए थे। उन्होंने भी कई पहलुओं पर जांच की और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की है। वे रात डेढ़ बजे के बाद लौट गए।
दो घायलों को मिली छुट्टी, एक दाखिल
कुरुक्षेत्र (ब्यूरो)। पिपली जीटी रोड पर बस में हुए धमाके में जख्मी हुए दो यात्रियों को शुक्रवार सुबह सिविल अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वहीं, दुर्घटना के बाद अपने घर पर गए एक अन्य यात्री की तबीयत खराब होने के बाद उसे देर रात सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। शुक्रवार सुबह सोनीपत निवासी सतवंती व उनकी पुत्री अदिति सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। उधर, शाहाबाद के पास गांव यारी के रहने वाले सिविल अस्पताल में उपचाराधीन यात्री अमन ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को करनाल से बस में सवार हुआ था और शाहाबाद उतरना था। लेकिन पिपली के पास आते ही बस में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद से उनके कपड़ों और सिर के बालों में आग लग गई। इसके कारण वे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्होंने जीटी रोड पर एक कार से लिफ्ट लेकर शाहाबाद उतर गए और अपने घर पर इलाज शुरू कराया। देर रात तबीयत बिगड़ने पर सिविल अस्पताल में दाखिल होना पड़ा।