करनाल। मेडिकल कॉलेज में रक्त जांच सेवा दोबारा शुरू हो गई है। पिछले करीब दो माह से किटों की कमी के कारण सीबीसी समेत कई महत्वपूर्ण जांचें प्रभावित चल रही थीं। आवश्यक किटें उपलब्ध होने के बाद जांचें फिर शुरू हो गई हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, फिलहाल मेडिकल कॉलेज में रोजाना 400 से अधिक रक्त जांचें की जा रही हैं। रक्त जांच सुविधा प्रभावित होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी। कई मरीजों ने बताया कि एक ही जांच के लिए उन्हें दिनभर अस्पतालों के बीच भागदौड़ करनी पड़ती थी। गर्मी और भीड़ के कारण परेशानी और बढ़ जाती थी।
किटों की कमी का सबसे ज्यादा असर सीबीसी जांच पर पड़ा था, जो लगभग हर मरीज के इलाज में जरूरी मानी जाती है। लंबे समय से किटों की खरीद प्रक्रिया प्रभावित थी। अब वित्तीय क्षमता बढ़ने के बाद आवश्यक किटें उपलब्ध कराई गई हैं।
वित्तीय क्षमता बढ़ने के बाद अब किट की खरीद हो चुकी है। रक्त जांचें अब सामान्य रूप से चल रही हैं। कुछ समय जांचें प्रभावित हुई थीं। - डॉ. एमके गर्ग, निदेशक, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज