बड़ी संख्या में किसानों ने घटिया बीज विक्रेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को शाहाबाद में धरना दिया। किसानों ने कई दिन पहले से ही आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से थाने का घेराव कर गिरफ्तारियां देने की चेतावनी दे रखी थी। योजनाबद्ध भारी संख्या में किसान मंगलवार को शहीद उधम सिंह स्मारक के पास एकत्रित हुए तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। किसानों समझाने के लिए विधायक रामकरण काला व डीएसपी आत्मा राम मौके पर पहुंचे। जिस पर काफी मशक्कत के बाद विधायक के आश्वासन पर किसान माने और उन्होंने थाने के घेराव की योजना को स्थगित किया और एक नवंबर तक आरोपियों को गिरफ्तार करने या फिर कंपनी संचालकों से किसानों के नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन के प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने किसानों की बात रखते हुए कहा कि शाहाबाद के कुछ दुकानदार ने कंपनियों से मिलीभगत कर किसानों को घटिया क्वालिटी का सूरजमुखी का बीज बेचा था, जिस कारण किसानों की फसल खराब हो गई थी और जिससे उनका आर्थिक नुकसान हुआ था। इसकी शिकायत भाकियू ने जिला कृषि विभाग को की थी। जिस पर कृषि विभाग ने जांच के बाद घटिया बीज बेचने वाले दुकानदारों और कंपनी संचालकों की शिकायत पुलिस में करते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। जिस पर शाहाबाद पुलिस ने ऐसे 8 दुकानदारों व कंपनी संचालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए थे, लेकिन उसके बाद न तो उनकी गिरफ्तारी हुई और न ही कोई अन्य कार्रवाई। राकेश बैंस ने कहा कि ऐसा भी बात सामने आ रही थी कि पुल िस इन दुकानदारों के खिलाफ दर्ज हुए मामलों को निरस्त करने जा रही है। इसी रोष स्वरूप किसानों ने धरना दिया है और थाने का घेराव करने की योजना बनाई है। जिस पर विधायक रामकरण काला ने किसानों को आश्वस्त करते कहा कि घटिया बीज बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी और किसानों की भरपाई करवाई जाएगी। जिसके लिए पुलिस को कुछ समय दिया।
डीएसपी आत्माराम पुनिया ने कहा क िइस मामले की जांच वह स्वयं व थाना प्रभारी करेंगे। किसानों की ओर से जसबीर मामूमाजरा ने कहा कि एक नवंबर तक बीज विक्रेताओं व कंपनी संचालकों को गिरफ्तार किया जाए या फिर कंपनी संचालकों से किसानों के हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ ते एक नवंबर को किसान अनाज मंडी में बड़ा आंदोलन करते हुए थाना का घेराव करेंगे। इस अवसर पर सुखचैन सिंह पाडलू, राजबीर दाऊमाजरा, बाला राम ढोलामाजरा, हाकम सूरा, पंकज हबाना, उपकार सिंह नलवी, संदीप सिंह दामली, अर्जुन सिंह भिंडर, पवन बैंस सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
प्रशासन ने ली राहत की सांस
भाकियू ने एक दिन पहले ही घोषण कर दी थी कि मंगलवार को थाने का घेराव किया जाएगा। जिसके चलते मंगलवार सुबह से ही शहीद ऊधम सिंह स्मारक व बराड़ा चौक पर पुलिस तैनात कर दी थी। जब किसानों का धरना शुरू हुआ तो पुलिस को यही था कि भाकियू थाने का घेराव करेगी। लेकिन बाद में विधायक रामकरण काला के हस्तक्षेप के बाद भाकियू ने अल्टीमेटम के बाद इस निर्णय को स्थगित किया। जिसके बाद ही पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।