कुरुक्षेत्र। आठ साल बाद डिग्री लेने के बाद अपने बच्चों व सहपाठिन के साथ फोटो में बाईं तरफ खड़ी
कुरुक्षेत्र। घर-परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए आठ साल तक मन में दबाए रखे सपने को कठिन परिस्थितियों में भी जिंदा रखा और आखिरकार उसे पूरा कर दिखाया। जींद के सफीदों निवासी मनीषा दीक्षांत समारोह में स्नातकोत्तर डिग्री लेने के लिए अपने दो बेटों को साथ पहुंचीं। मनीषा ने बताया कि स्नातक पूरा करने के तुरंत बाद परिवार वालों ने उनकी शादी कर दी। इसके बाद स्नातकोत्तर करने का सपना काफी समय तक अधूरा रहा।
शुरुआत में ससुराल में काम का बोझ समझ में नहीं आया। पति भी ऐसे शहर में नौकरी करते थे, जहां ललित कला में स्नातकोत्तर की पढ़ाई नहीं की जा सकती थी। इन सब कारणों से पढ़ाई बीच में रुक गई लेकिन मनीषा के पति नीरज ने उन्हें हौसला दिया कि एक दिन तुम जरूर स्नातकोत्तर की डिग्री करोगी। इसी बीच उनके पति ने अपनी नौकरी बदलते हुए गुरुकुल कुरुक्षेत्र में नौकरी करना शुरू कर दिया। मनीषा को अपनी आगे की पढ़ाई शुरू करने के लिए इससे अच्छा समय और नहीं लगा और विवि के ललित कला विभाग में पेंटिंग के क्षेत्र में स्नातकोत्तर में दाखिला ले लिया।