कुरुक्षेत्र। जग ज्योति दरबार में महंत राजेंद्र पुरी की ओर से गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित किए अनुष्ठान का समापन शुक्रवार को विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। अनुष्ठान समापन के बाद महंत ने कहा कि आधुनिक जीवन में चाहे कितने भी परिवर्तन हुए हों लेकिन आज भी बच्चों एवं युवाओं को जीवन की वास्तविकता एवं सदमार्ग दिखाने के लिए गीता से जोड़ना जरूरी है। इस कार्य में संत महापुरुषों का योगदान भी अहम है। महंत ने कहा कि आज बच्चों एवं युवाओं को सही रास्ता दिखाने के लिए हमें पहले अपने जीवन में बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह समाज की वास्तविकता है कि बच्चे एवं युवा आज जीवन में तनाव ग्रस्त हैं। अगर तनाव मुक्त रहना है तो अध्यात्म का मार्ग गीता से अपनाना चाहिए। उन्होंने कि बच्चों एवं युवाओं को अपनी क्षमता का उचित तरीके से प्रदर्शन करने की जरूरत है।