बाबैन। गांव रामशरण माजरा में हाल ही में स्थापित राजकीय महाविद्यालय में पहले शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए आर्ट्स एवं कॉमर्स संकाय में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले शिक्षा सत्र में आर्ट्स में 120 और कॉमर्स में 80 सीटों पर दाखिले होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी कॉलेज खुलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। बाबैन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
प्रिंसिपल डॉ. गगनदीप कौर ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने 10+2 की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, वे विद्यार्थी कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें तथा समय रहते कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया पूरी करवाएं। विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह कॉलेज क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। कॉलेज खुलने से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें कुरुक्षेत्र, लाडवा या अन्य शहरों में पढ़ाई के लिए प्रतिदिन लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
रामसरन माजरा के सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश सैनी, पूर्व सरपंच सोहन लाल सैनी, कौशल सैनी, तरसेम राय, सुरेश कश्यप, जयसिंह, गुलशन सैनी सहित गांव के अनेक लोगों ने गांव में सरकारी कॉलेज खोलने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया।