संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। स्वच्छता रैंकिंग में धर्मनगरी टॉप 10 में शुमार हो, इसके लिए बड़े दावों व प्रयास किए जाते रहे लेकिन कोसों दूर रही। पिछली बार आई रैंकिंग में देश में 414वां स्थान मिल पाया था जबकि प्रदेश में सबसे फिसड्डी में दूसरे स्थान पर थी।
इस बार ये हालात न रहें, इसके लिए पहले नगर ही नहीं जिला प्रशासन ग्राउंड जीरो पर उतर चुका है। नप अधिकारियों से लेकर डीसी तक हर अधिकारी बेहतर रैंक के लिए कड़ाके की ठंड में पसीना बहा रहे हैं। यहां तक कि पर्यटन की ओर कदम बढ़ा रही धर्मनगरी में डंपिंग प्वाइंट भी न रहे और खुले में कहीं पर भी कचरा न दिखाई दे, इसके लिए कमर कस ली है।
रैंकिंग की परीक्षा सिर पर आते ही हर अधिकारी सड़क पर दिखाई देने लगा है। यहां तक कि अतिरिक्त जिला उपायुक्त सोनू भट्ट बुधवार शाम पांच बजे से देर रात आठ बजे तक बुलेट बाइक लेकर शहर के हालात जानते रहे। उन्होंने नप कर्मियों को लेकर डीसी निवास से शुरू होकर हनुमान मंदिर, सेक्टर 13, पोस्ट ऑफिस, शोरगीर बस्ती सहित सभी 25 डंपिंग प्वाइंटों को देखा। रात भर डीसी ने इसकी रिपोर्ट तैयार की तो सुबह होेते ही डीसी नेहा सिंह भी सड़कों पर उतर आईं और उन्होंने भी पूरा अमला साथ लेकर एक-एक डंपिंग प्वाइंट का जायजा लिया।
अधिकारियों को मानसिकता में लाना होगा बदलाव : सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तक शहर का जायजा लेती रही जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को भी चेतावनी दी और कहा कि उन्हें अपनी मानसिकता में बदलाव लाना होगा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर समय एक्टिव मोड में काम करना होगा। डंपिंग प्वाइंट पर बनेंगे पार्क, कचरे के लिए दो हजार बोरे खरीद का दिया ऑर्डर : डीसी ने कहा कि डंपिंग प्वाइंटों पर पार्क आदि विकसित किए जाएंगे और खुले में कचरा नहीं रहने दिया जाएगा।
डीसी की सख्ती के साथ ही नप ने इसके लिए दो हजार बोरे खरीद का ऑर्डर तक दे दिया है। वहीं चार ट्रैक्टर-ट्राली व दो जेसीबी भी हायर करने की प्रक्रिया शुरू की गई। उधर स्वच्छता पर निगरानी रखने वाले 10 दरोगाओं को सख्त निर्देश दिए कि रात्रि के समय दुकानदारों और रेहड़ी चालकों से कचरा एकत्रित करेंगे।
कुरुक्षेत्र। सेक्टर 17 में सफाई व्यवस्था का दौरा करती उपायुक्त नेहा सिंह। संवाद
कुरुक्षेत्र। सेक्टर 17 में सफाई व्यवस्था का दौरा करती उपायुक्त नेहा सिंह। संवाद