कुरुक्षेत्र। समाधान शिविरों की शिकायतों का समाधान करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी समाधान शिविरों की शिकायतों का गंभीरता के साथ समाधान करना सुनिश्चित करें। इतना ही नहीं लोगों की समस्याओं का समाधान उपमंडल स्तर पर लगने वाले शिविरों में करना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले हर विभाग की लंबित शिकायत पर पीपीटी के जरिये रिपोर्ट तलब की गई। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आयुक्त आशिमा बराड़ ने सभी जिले के उपायुक्तों को समाधान शिविर की शिकायतों को गंभीरता के साथ समाधान करने के आदेश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी एसडीएम हर सोमवार व वीरवार को उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना सुनिश्चित करें। इन समस्याओं का समाधान करने के बाद पोर्टल को भी अपडेट करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में ई-ऑफिस को प्रमोट करें ताकि फाइलों के आदान-प्रदान पर रोक लगे और ऑनलाइन प्रणाली से ही सारा फाइल वर्क किया जा सके।