फरीदाबाद की एक फाइनेंस कंपनी में करोड़ों का सोना और लाखों रुपये चोरी होने के संबंध में पुलिस ने अमीन गांव में घर में छापा मारा। हालांकि आरोपी हाथ नहीं आया लेकिन उसके पिता को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने तीन बैग बरामद किए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन बैगों में ही चोरी का माल रखा हुआ था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फरीदाबाद में तीन दिन पहले एक फाइनेंस कंपनी में चोरी हुई थी। आरोपी करोड़ों का सोना और नकदी लेकर फरार हुए थे। इस मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था। पूछताछ के दौरान इस आरोपी ने वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी का पता अमीन गांव में बताया था। साथ ही चोरी का सामान भी उसी के पास होने की जानकारी दी थी। इसके बाद फरीदाबाद पुलिस ने कुरुक्षेत्र पुलिस से संपर्क किया। एसपी सिमरदीप के निर्देश पर सीआईए वन की टीम ने बुधवार को फरीदाबाद पुलिस के साथ मिलकर गांव अमीन में दबिश दी। बताया जाता है कि गांव के ही युवक राहुल के घर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को घर में दो तीन बैग मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक बैगों में चोरी का ही माल था। हालांकि इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि इन बैगों में सोना था या नकद राशि थी। फरीदाबाद पुलिस सभी बैग ले गई है। पुलिस को आरोपी घर में नहीं मिला। ऐसे में पुलिस उसके पिता जयकिशन को फरीदाबाद ले गई है।