कुरुक्षेत्र। एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय निर्माण शाखा के आरोपी एक्सईएन को रविवार को फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी को ठेकेदार से एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि यह रकम करीब एक करोड़ 20 लाख के बिल जारी करने की एवज में मांगी थी।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने विजिलेंस को शिकायत की थी कि उसके बिल जारी करवाने की एवज में एक्सईएन पंकज शर्मा ने सात लाख 20 हजार की मांग की थी। साढ़े तीन लाख रुपये वह दे भी चुका है। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। विजिलेंस इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार ने बताया कि आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था, जिसके खत्म होने पर उसे रविवार को फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चोरी के आरोपियों को भेजा जेल
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने घर में घुसकर चोरी करने के आरोपी सूरजभान व मुकेश उर्फ नोखा वासी नानकपुरी बस्ती कैथल को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से चोरी किया सामान बरामद करने के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी किया गया करीब 10 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। अपराध अन्वेषण शाखा-दो प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि 29 मई को थाना शहर पिहोवा में हेमंत कुमार वासी तिलक कॉलोनी ने इस संबंध में शिकायत दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।