कुरुक्षेत्र। गत दिवस 400 ग्राम अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी कार चालक की निशानदेही पर एनसीबी ने सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आज अफीम सप्लाई करने के आरोपी संजीव कुमार उर्फ काली पंडित निवासी पंजाबी मोहल्ला को अदालत में पेश किया जाएगा। अंबाला यूनिट के पुलिस उप-अधीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम इस्माईलाबाद में काठगढ़ रोड पर गश्त कर रही थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि सतविंद्र सिंह उर्फ रूपा निवासी चम्मू कलां अफीम बेचने का धंधा करता है। आरोपी आज भी अपनी कार में गांव से अफीम लेकर इस्माईलाबाद अनाज मंडी की तरफ आएगा। सूचना पर टीम ने मंडी गेट के पास नाकाबंदी कर आरोपी को कार समेत काबू किया था। तलाशी लेने उसकी कार से 400.17 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना इस्माईलाबाद में अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी सतविंद्र सिंह ने कबूल किया था कि यह अफीम संजीव कुमार उर्फ काली पंडित से खरीद कर लाया था। आरोपी की निशानदेही पर टीम ने अफीम सप्लाई करने के आरोपी संजीव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।