कुरुक्षेत्र। दो सप्ताह पहले जेवर, नकदी, मोबाइल व अन्य सामान चुराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल निवासी दाऊ माजरा के कब्जे से मोबाइल बरामद हुआ। थाना झांसा में सात अक्तूबर को दर्ज शिकायत में विजय कुमार निवासी झांसा ने बताया था कि वह अपने परिवार के साथ पांच अक्तूबर को वोट डालने के लिए गए हुए थे। वापस आए तो घर के मुख्य गेट का दरबाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो चोर अलमारी जेवर, नकदी, मोबाइल व अन्य सामान चुराकर फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को कारागार भेज दिया।
गांजा तस्करी करने का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। दो महीने पहले गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश से तस्करी करने के आरोपी साधु निवासी कालका जिला पंचकूला को जेल भेज दिया। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम ने 29 अगस्त को गुप्त सूचना पर पुजारी निवासी बफरा जिला पानीपत को सब्जी मंडी शाहाबाद से काबू किया था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 किलो 830 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। आगामी जांच में टीम ने गांजा तस्करी करने के आरोपी साधु को पकड़ लिया।