कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह देसी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़े गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने कट्टा तस्करी करने के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। तस्कर संदीप कुमार निवासी बीबीपुर को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।
सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम चार अप्रैल को शाहाबाद की अनाज मंडी के पास गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर अनाज मंडी के पास से पंकज कुमार उर्फ पंकू निवासी सेक्टर-एक शाहाबाद को काबू किया था। तलाशी लेने पर पंकज कुमार के कब्जे से एक देसी कट्टा व कारतूस बरामद हुआ था। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। अदालत के आदेश से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसे यह कट्टा संदीप कुमार ने मुहैया कराया था। आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कट्टा की तस्करी करने के आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार लिया। आरोपी को अदालत के आदेश कारागार भेज दिया।