कुरुक्षेत्र। नौ महीने पहले अफीम और चूरा पोस्त के साथ पकड़े गए ट्रक चालक की निशानदेही पर पुलिस ने नशीला पदार्थ मंगाने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गुरजंट सिंह उर्फ जेंटी निवासी करतारपुर जिला लुधियाना पंजाब को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है। इस मामले में पुलिस नशीला पदार्थ सप्लाई व मंगाने वाले सहित तीन आरोपियों को पकड़ चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि 26 अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने सूचना पर मलकीत सिंह उर्फ पोला जिला पटियाला को नौगजा पीर शाहाबाद के पास से अंबाला की तरफ नाकाबंदी कर उसके ट्रक के साथ काबू किया था। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से आधा किलो अफीम व 23 किलो डोडा/चूरा पोस्त बरामद हुआ था। आरोपी के विरुद्ध थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार करके आरोपी को कारागार भेज दिया था। आगामी जांच करते हुए टीम ने 30 अप्रैल को नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी गणेश उर्फ गणेशी निवासी खुंती जिला सराय कोलन सरसाना झारखंड को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस टीम ने नौ महीने के बाद नशीला पदार्थ मंगाने के आरोप में गुरजंट सिंह को गिरफ्तार कर कारागार भेज दिया है।