कुरुक्षेत्र। हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पीयूष शर्मा निवासी वार्ड-12 पिहोवा ने नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपये मांगे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये बरामद किए।
थाना शहर पिहोवा में दर्ज शिकायत में प्रदीप सिंह निवासी गांव कुराड़ जिला कैथल ने बताया था कि पीयूष शर्मा उसके रिश्तेदार का मित्र है। पीयूष ने बताया था कि एक बैंक में उच्च पद पर कार्यरत है। वह कई लोगों को सरकारी विभाग में नौकरी पर लगवा चुका है। उसने अपने और दोस्त के भतीजे को सरकारी नौकरी के लिए आरोपी से बातचीत की थी। आरोपी ने हरियाणा पुलिस में नौकरी के नाम पर 15 लाख रुपये मांगे थे। हालांकि आरोपी ने दो-तीन केस और देने पर 12 लाख रुपये में बात पक्की कर ली थी। सात नवंबर को उसने 48 हजार रुपये गूगल-पे और दो दिन बाद ढाई लाख रुपये गूगल-पे और आरटीजीएस किए थे। फिर 11 नवंबर को साढ़े तीन लाख रुपये उसके घर जाकर दिए थे। करीब साढ़े छह लाख रुपये लेने के बाद भी उनको नौकरी नहीं लगवाई थी। वहीं आरोपी का दिया साढ़े छह लाख का चेक भी बाउंस हो गया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पीयूष को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये बरामद कर अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।