बाबैन। अमेरिका भेजने के नाम पर 2.72 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोद कुमार निवासी बरगट ने आठ लाख रुपये अग्रिम तथा बकाया रकम पहुंच पर लेने का इकरार किया था। पुलिस में दर्ज शिकायत में जय भगवान निवासी गुढा ने बताया था कि वह अपने बेटे को विदेश भेजना चाहता था। आरोपी विशाल व सुनील निवासी बरगट ने स्टडी वीजा पर उसके बेटे को अमेरिका भेजने के लिए 18 लाख रुपये में इकरारनामा किया था। बात तय होने पर उसने 29 जून को आरोपियों के खाते में साढ़े 16 हजार रुपये ऑनलाइन डालकर पासपोर्ट दिया था।
21 जुलाई को 30 हजार रुपये उसने आरोपी के कहने पर एक दुकानदार के खाते में जमा किए थे। आरोपी ने उस दुकानदार से एसी खरीदा था। बाद में उसने आरोपी को सवा दो लाख नकद दिए थे। करीब 2.72 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी ने उसके बेटे का वीजा नहीं लगवाया, बल्कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।