कुरुक्षेत्र। इटली भेजने के नाम पर 11 लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेंद्र कुमार निवासी फगवाड़ा जिला कपूरथला ने रुपये लेकर नकली वीजा और टिकट थमा दिया था। शिकायतकर्ता के रुपये मांगने पर आरोपी ने उसे और उसके बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी।
थाना सदर थानेसर में 28 जून को दर्ज शिकायत में मांगे राम निवासी किरमिच ने बताया था कि साहिल सैनी ने उसके बेटे कर्म शर्मा को इटली भेजने के लिए उसकी मुलाकात नरेंद्र कुमार से कराई थी। आरोपी नरेंद्र के साथ उसकी इटली के लिए 5.50 लाख पहले तथा 5.50 लाख रुपये बाद में देने की बात तय हो गई थी। विश्वास करके उसने आरोपी को 5.50 लाख रुपये दिए थे। कुछ समय बाद आरोपी नरेंद्र ने उसे कॉलकर उसके बेटे का वीजा लगने और टिकट होने की सूचना दी थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे अपनी बकाया रकम मांगी तो उसने पिपली के देवीलाल पार्क में बकाया 5.50 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। उसने टिकट व वीजा की जांच कराई तो दोनों फर्जी पाए गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए नरेंद्र कुमार को शामिल तफ्तीश करके गिरफ्तार कर लिया।