कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में एक मरीज को उठाकर बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बुजुर्ग मरीज को बाहर भेजकर उस बेड पर अन्य किसी को लिटा दिया। हालांकि जब मीडियाकर्मी अस्पताल पहुंचे तो बेड चेंज करने की बात कहकर मरीज को स्टाफ ने दूसरे कमरे में लिटा दिया।
जानकारी के अनुसार गांव ज्योतिसर निवासी बलबीर किसी बीमारी के कारण लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल में दाखिल हुआ था।
मंगलवार को एक स्टाफ नर्स ने मरीज को बेड से उठाया और कहा कि थोडी देर में डॉक्टर आकर तुम्हें डिस्चार्ज कर देंगे। यह कहते हुए नर्स ने मरीज को बाहर बैठा दिया। इसके बाद जैसे ही परिजनों को इस बात का पता लगा तो उन्होंने ऑन ड्यूटी स्टाफ से बात की, लेकिन किसी ने भी उनकी एक न सुनी।
इस दौरान जैसे ही मीडियाकर्मी वहां पहुंचे तो एक डॉक्टर ने इस बुजुर्ग को दूसरे कमरे में बेड पर लिटा दिया। जब ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ओपी सैनी से इस बारे में बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
वहीं दूसरी स्टाफ नर्स का कहना है कि बुजुर्ग को दूसरे कमरे में शिफ्ट करना था, इसलिए उन्हें बेड से उठाया। मरीज बलबीर ने कहा कि अगर उन्हें बेड की कमी के चलते मरीज को एडजस्ट करना था, तो उसके साथ कर देते। उन्हें बेड से उठाकर बाहर क्यों बैठा दिया।