सीआइए वन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पशु तस्कर गिरोह के एक सदस्य को काबू किया है। आरोपी की पहचान नाजीम निवासी समसपुर कलां जिला सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग करने के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांव से पशु तस्करी (चोरी) की वारदातों को कबूला है। आरोपी को शीघ्र ही कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि मामले की जांच गहनता से की जा सकें।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि सीआइए वन की टीम प्रभारी गुरविंद्र सिंह के साथ शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्तसुचना मिली कि पशु तस्कर गिरोह का एक सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने के लिए उमरी चौक पर खड़ा है। सूचना पाकर टीम ने उमरी चौक पर खड़े एक युवक से शक के आधार पर पूछताछ की। पूछताछ में युवक की पहचान नाजीम निवासी समसपुर कलां (सहारनपुर) के रुप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के विभिन्न गांव तलहेडी, मड़ाडो, बुहावा, चनालहेडी ,चनारथल, धंतौडी, त्यौडी, उमरी, दूधला, सांवला, धुराला, हसन पुर समेत अंबाला के क्षेत्र से पशुओं की चोरियां की है। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने देसी कट्टे से एक व्यक्ति पर फायरिंग करने की वारदात को भी कबूल किया। आरोपी ने स्वीकार किया कि दिनांक नवंबर 2019 की रात को वह अपने अन्य तीन साथियों के साथ गांव मड़ाडो (इस्माईलाबाद) के बाड़े से पशु चोरी करने गए थे। इसी दौरान किसी ने उनको चोरी करते देख आवाज लगा दी थी। पकड़े जाने के डर के वह लोग पशु वहीं छोड़कर भागने गए, लेकिन गांव के कुछ लोग गाड़ी से उनका पीछा करने लगे थे। पकड़े जाने के डर से उसने गाड़ी में उसका पीछा कर रहे किसान पर देशी कट्टे से फायर कर दिया और वह लोग भागने में कामयाब हो गए थे। अब पुलिस शीघ्र ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसका पुलिस रिमांड बरामद कर उससे गहनता से पूछताछ करेंगी ताकि वारदात में शामिल इसके अन्य साथियों को भी काबू किया जा सकें।