पिहोवा। पुलिस ने वारदात के लिए चोरी की बाइक खरीदने के आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी संदीप पंडित निवासी गांव नारनौंद जिला हिसार को कारागार भेज दिया।
थाना शहर पिहोवा में सुरेंद्र बेरी निवासी पूजा काॅलोनी ने बताया था कि चार सितंबर को उसकी बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी संदीप पंडित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया था कि उसके खिलाफ चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले लूट के मामले में कैथल जेल में बंद रहा है। जेल में रहते हुए उसकी दोस्ती अमन निवासी सिरटा रोड व विजय निवासी अर्जुन नगर कैथल से हुई थी। उनके खिलाफ भी बाइक चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अक्तूबर में उसने आपराधिक वारदात के लिए अमन व विजय से चार हजार रुपये में चोरी की बाइक खरीदी थी। उस बाइक पर उसने कुरुक्षेत्र व करनाल में फायरिंग की वारदात कराई थी। सीआईए ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद बाइक समेत पकड़ा था। संवाद
हमला करने के दो आरोपी भेजे जेल
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने बिजली मैकेनिक पर हमला करने के दो आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी साहिल शर्मा व पुनीत उर्फ मिंटू निवासी थानेसर को कारागार भेज दिया। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में विक्रांत वर्मा निवासी रेलवे रोड ने बताया था कि वह बिजली का काम करता है। 16 नवंबर को एक युवक मिट्ठू उसे अपने साथ यह कहकर लेकर गया था कि उसके भाई रजत को चोट लगी है। वह उसके साथ रेलवे रोड पर आया तो पहले से मौजूद मोदू, मिठ्ठू, साहिल, सुशील, अनुभव व दीपांकर ने उस पर पर डंडे से हमला कर जख्मी कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी साहिल शर्मा व पुनीत को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा व गंडासी बरामद हुई। संवाद