कुरुक्षेत्र। चिट्टा बेचने के आरोपी को अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने सारसा बस अड्डा से काबू किया है। आरोपी की पहचान सारसा के रहने वाले अनिल कुमार उर्फ शील के रूप में हुई है। उसके पास से 7.05 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना शहर पिहोवा में नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घर में सेंधमारी करने के आरोपी को जेल भेजा
कुरुक्षेत्र। सीआईए एक की टीम ने चार दिन पहले घर में सेंधमारी करने के आरोप में धुराला गांव निवासी रवि उर्फ दूली को काबू कर अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के रिमांड पर लिया था। आरोपी से रिमांड के दौरान चोरीशुदा सामान बरामद करने के बाद आरोपी को शुक्रवार को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे कारागार भेज दिया गया। टीम ने आरोपी से चोरीशुदा सोने-चांदी के गहने व मोबाइल बरामद किया है। इस संबंध में परशुराम कॉलोनी निवासी संदीप कुमार ने 11 मई को थाना कृष्णा गेट पुलिस में घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पिकअप वाहन चोरी के दो आरोपी फिर भेजे जेल
पिहोवा। पिकअप वाहन चोरी मामले में दो और आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर सीआईए एक की टीम ने जांच में शामिल करने के बाद गिरफ्तार कर दोबारा जेल भेज दिया। आरोपियों की पहचान रोहतक के शीतल नगर निवासी नीरज व जिला हिसार के कोथ गांव के निवासी राजीव उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
थाना शहर पिहोवा पुलिस को दी शिकायत में न्यू शास्त्री कॉलोनी के रहने वाले गगन चोपड़ा ने बताया कि नौ अप्रैल दोपहर को उसने पिकअप अपने घर के आगे गली में खड़ी की थी। 10 अप्रैल को सुबह चार बजे जब उसने देखा तो पिकअप वाहन वहां से चाेरी हो गया था।
जांच में आरोपी को किया शामिल
कुुरुक्षेत्र। प्लाट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीसरे आरोपी को जांच में शामिल किया है, जोकि अग्रिम जमानत लिए हुए है। थाना कृष्णा गेट पुलिस ने इस कार्रवाई में कुबेर कॉलोनी के रहने वाले आरोपी को अजय पांचाल को शामिल जांच किया है। इस संबंध में कुरुक्षेत्र निवासी महिला ने 19 फरवरी को थाना कृष्णा गेट में पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया था।
मोटरसाइकिल चोरी के दो आरोपियों को किया काबू
लाडवा। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चोरी करने के दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों कि पहचान यूपी के जिला सहारनपुर के गांव नया कुंडा गंगाेह के रहने वाले रहीश उर्फ काला व अहसान के रूप में हुई है। सात फरवरी को पुलिस को दी शिकायत में रजत निवासी लाडवा ने बताया कि छह फरवरी को उसका भाई मोटरसाइकिल पर जिम गया था। उसने मोटरसाइकिल जिम के बाहर खड़ी की थी। वह जिम करके वापस आया तो मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच की गई व उक्त दोनों आरोपियों को काबू कर अदालत में पेश करने के बाद अदालत के आदेश से दोबारा जेल भेज दिया।
गुरुघर का दान पात्र चोरी
कुरुक्षेत्र। पिपली माजरा गांव के गुरुघर के दान पात्र को चोरों ने चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम 20 मई की रात्रि को दिया गया, जिसकी शुक्रवार को गुरुघर के प्रधान ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। प्रधान सुरेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि 20 मई की रात्रि को किसी ने गांव के गुरुद्वारा साहिब के अंदर रखा दान पात्र चोरी कर लिया, जिसमें एक हजार रुपये के करीब धनराशि होने का अनुमान भी जताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दान पात्र व चोरों की तलाश शुरू कर दी है।