कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक सैल ने नशीला पदार्थ रखने के आरोप में अजय उर्फ ओपो वासी गांधी नगर को काबू 276 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पांच जुलाई को टीम पुराना बस स्टैंड पर मौजूद थी। गुप्त सूचना मिली कि अजय उर्फ़ ओपो स्मैक बेचने का काम करता है, वह मोटरसाइकिल पर सेक्टर-17 की तरफ यह नशीला पदार्थ बेचने के लिए आएगा। सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-17 की तरफ जाने वाले रोड पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की तभी मोटरसाइकिल पर एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जा से 276 ग्राम हेरोइन, स्मैक बरामद हुई।
घर से चोरी करने का एक और युवक पकड़ा
इस्माईलाबाद। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने घर से चोरी करने के आरोप में बलविंद्र उर्फ मोलू उर्फ बीरा वासी मोरथली को गिरफ्तार किया है। 9 मई 2024 को पुलिस को दी अपनी शिकायत में गुरदीप सिंह वासी टबरा ने बताया कि 8 मई की रात को उसके घर से करीब 45 हजार रुपये, सोने चांदी के गहने व घर का अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत पर थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-एक को दी गई थी। 25 मार्च को सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार की टीम ने मामले में सुनील कुमार उर्फ हन्नी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उसे पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था। गत पांच जुलाई को टीम ने घर से चोरी करने के एक और आरोपी बलविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
चोरी के मोबाइल बेचने के तीन आरोपी गिरफ्तार, सात मोबाइल बरामद
कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने चोरी के मोबाइल बेचने के आरोप में अनिल कुमार वासी धौंस, जिला कैथल, गुरमीत उर्फ कालिया वासी कर सिन्धु, जिला जींद व हिमांशु उर्फ़ रवि वासी धरमपुरा, जिला कैथल को गिरफ्तार कर उनसे चोरी किए हुए सात मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 जुलाई को अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम जिंदल चौक के पास मौजूद थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उक्त आरोपी ताऊ देवी लाल पार्क में चोरीशुदा मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। टीम ने पार्क पहुंचकर निगरानी रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को ताऊ देवी लाल पार्क में बनी मूर्ति के पास तीन युवक घूमते हुए दिखाई दिए। शक होने पर तीनों को काबू कर किया तो उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया गया।
स्कूली छात्र-छात्राओं ने किया थाना केयूके का भ्रमण, जानी पुलिस कार्यप्रणाली
कुरुक्षेत्र। शनिवार को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने थाना केयूके का भ्रमण कर पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उप निरीक्षक वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि दुर्गा शक्ति एप का लाल बटन दबाने से आपको पुलिस मदद मिलेगी इसलिए आप खुद को दुर्गा शक्ति एप् पर रजिस्टर कर लें। उन्होंने कहा कि महिला विरुद्ध होने वाले अपराध की सूचना किसी भी थाना के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। पुलिस की टीम द्वारा छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग द्वारा दुर्गा-शक्ति एप के बारे में बताया। पुलिस की टीम ने स्कूली बच्चों को सेल्फ डिफेंस के बारे में भी विस्तार से बताया। निरीक्षक ने कहा कि पुलिस हमेशा आप के साथ है। हर छोटी बड़ी बातें अपने माता-पिता से हर रोज साझा करें ताकि कोई अनहोनी न हो। पुलिस टीम ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा तथा साइबर अपराध के बारे भी जागरूक किया।