नकली कागजात तैयार करके पासपोर्ट बनवाने का तीसरा मामला सामने आया है। पुलिस ने नकली कागजात तैयार करके पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी मोहित गुगलानी वासी गुरु नानक कॉलोनी पिहोवा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पहले दो मामलों में पुलिस उक्त आरोपी सहित गैंग के शामिल एक पुलिस हवलदार, पासपोर्ट कार्यालय के कर्मी, पंजाब के गैंगस्टर को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उप-अधीक्षक सुभाष चंद्र ने 20 अप्रैल को थाना शहर पिहोवा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुखबीर सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह वासी वार्ड-13 फोर मरला कॉलोनी ने झूठा पता देकर नकली कागजात तैयार करके अपना पासपोर्ट बनवाया हुआ है, जबकि सुखबीर सिंह के पिता का नाम बलबीर सिंह है तथा वह गांव दानीपुर (अंबाला) का रहने वाला है। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने पासपोर्ट में दिखाए पते की तस्दीक की तो पता चला कि सुखबीर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह उपरोक्त नाम और पते का कोई भी व्यक्ति वार्ड-13 फोर मरला कॉलोनी में नहीं रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
31 मई को सीआईए-1 की टीम ने आरोपी मोहित गुगलानी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने 60 हजार रुपये में नकली कागजात तैयार करके सुखबीर सिंह का पासपोर्ट बनवाया था। रिमांड के दौरान आरोपी से 40 हजार रुपये बरामद करके आरोपी को जेल भेज दिया है।