लाडवा। लाडवा पुलिस ने बरोट गांव में सरकारी राशन डिपो से चीनी चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल कुमार उर्फ झोटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 82 किलो चीनी बरामद की है। आरोपी बरोट गांव का रहने वाला है। पुलिस प्रवक्ता नरेश के अनुसार, बरोट निवासी सुरेश कुमार गांव के बस अड्डे पर सरकारी राशन डिपो चलाते हैं। सितंबर 2026 का राशन बांटने के बाद दुकान में करीब 82 किलो चीनी रखी थी। सुरेश कुमार ने पांच अक्तूबर को दुकान पर ताला लगाया था। अगले दिन 6 अक्तूबर को दुकान का ताला टूटा मिला और चीनी के कट्टे गायब थे। सुरेश कुमार की शिकायत पर लाडवा थाने में मामला दर्ज किया गया था। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।