कुरुक्षेत्र/शाहाबाद/ पिहोवा। जिले में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। शाहाबाद में पिता की आंखों के सामने रोडवेज बस ने उसके पुत्र को कुचल दिया। दो अन्य स्थानों पर भी वाहनों ने लोगों को टक्कर मार दी। जिससे उनकी भी मौत हो गई। इन हादसों में छात्र समेत तीन लोगों की जान चली गई।
थाना शाहाबाद में दर्ज शिकायत में पंकज कुमार निवासी हुडा शाहाबाद ने बताया कि उसका बेटा मिहिर हंस (18) कुरुक्षेत्र में एक सेंटर से नॉन मेडिकल की कोचिंग ले रहा था। वह हर रोज उसे बस अड्डे पर छोड़ने व लेने के लिए जाता था। दोपहर करीब ढाई बजे वह उसे लेने लाडवा पुल के नीचे गया था। यहां जैसे ही मिहिर रोडवेज की बस से नीचे उतरने लगा तभी चालक ने बस चला दी, जिससे उसका बेटा नीचे गिर गया और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से निकल गया। उसने जख्मी हालत में मिहिर को निजी अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वह मिहिर को पीजीआई की बजाय फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचा यहां चिकित्सकों ने मिहिर को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
टोल प्लाजा पर ट्रक ने कुचला
थाना सदर पिहोवा में राजा कुमार साहू हाल निवासी पुराना बाजार ने बताया कि उसका चचेरा भाई अंकज (21) डेंटल लेबोरेटरी पिहोवा में नकली दांत बनाने का काम करता था। वह और अंकज अपनी-अपनी बाइक पर दांतों का सैंपल देने देवीगढ़ पंजाब में गए थे। अंकज सैंपल देने के लिए देवीगढ़ में ही रुक गया था। शाम करीब छह बजे उसे सूचना मिली कि अंकज को ट्यूकर टोल प्लाजा के नजदीक ट्रक ने टक्कर मार दी। यह सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचा तो अंकज सड़क पर पड़ा था। साथ ही एक ट्रक और अंकज की बाइक थी। उसे देखते ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसने अंकज को वहां से उठाकर वाहन का इंतजाम कर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
दामाद के सामने ट्रक ने कर्म सिंह का सिर कुचला
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में संदीप कुमार निवासी रामगढ़ रोड ने बताया कि उसके ससुर और उसने गुलडेहरा गांव में खेत में कोठा बनाना था। इसके लिए वह बाइक पर और उसका ससुर कर्म सिंह (48) अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर ईंटें देखने जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे गुमथला गढू टी-प्वाइंट पहुंचे तभी उसका ससुर सड़क पार करने लगा पिहोवा की ओर से आए ट्रक ने कर्म सिंह की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका ससुर सड़क पर स्कूटी से नीचे गिर गया और ट्रक का अगला पहिया उसके ससुर के सिर के ऊपर से निकल गया। इससे उसके ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।