ढांड रोड पर नानकपुरा के निकट चलती बस से गिरने पर नेपाल मूल की एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला के संबंधी ओम बहादुर गांव धली ठुली उदान थाना रूपनदेही जिला पाल्पा नेपाल हाल वासी अरनैचा ने बताया कि वह परिवार सहित नानकपुरा स्थित मिल में रहता है तथा उसमें चौकीदारी का काम करता है। उसके बेटे दीपक की शादी झग बहादुर वासी गांव बंगलाचुली जिला नेपाल की बेटी रीनू के साथ हुई थी, जो कुरुक्षेत्र में रहते हैं। 8 जुलाई को उसके बेटे की सास कुंती देवी अपनी बेटी रीनू देवी को मिलने के लिए प्राइवेट बस में सवार होकर उनके पास मिल में आ रही थी। दसे लेने वह नानकपुरा बस स्टॉप पर गया था। जब नानकपुरा कट के सामने बस आकर रुकी तो उसकी संबधन नीचे उतरने लगी। इसी दौरान चालक ने अचानक बस को चला दिया, जिससे संतुलन बिगड़कर कुंती देवी बस की खिड़की से नीचे गिर गई। उसका सिर नीचे पक्की सड़क पर जा लगा और वह जख्मी हो गई। लहूलुहान अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।