ट्रैक्टर की टक्कर से घायल बाइक चालक की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झांसा निवासी सूरजभान ने बताया कि 21 जनवरी की शाम को वह अपने छोटे पुत्र विमल कुमार (27) के साथ बाइक पर गांव गोगपुर जा रहे थे। जैसे ही वह गोगपुर गोगा मेड़ी के निकट पहुंचे तो ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। वे दोनों सड़क पर गिर गए। उसके पुत्र के सिर और टांग पर गंभीर चोटें आई। इसी बीच आरोपी टैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर उसका बड़ा पुत्र घटना स्थल पर पहुंचा और उन्हें उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां चिकित्सक ने उसके पुत्र को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। यहां विमल की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।