कैथल रोड स्थित गांव गुमथलागढू के पास स्कूली बस के साथ कार की भिड़ंत होने से कार सवार चार बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसा उस समय हुआ जब निजी स्कूल बस चालक ने सड़क के बीच में अचानक बस के ब्रेक लगा दिए और कार उससे टकरा गई। पुलिस में दर्ज शिकायत में कुराली (मोहाली) निवासी दीपक ने कहा कि गत बुधवार को वह अपनी पत्नी ज्योति, अपने दो बच्चे दीप्ति व दृष्टि, सुषमा, संजीव, उसके दो बच्चे रोहन व सोहन के साथ कार में सवार होकर घर से अपनी रिश्तेदारी में गांव जाखल जा रहे थे। जैसे ही वह लोग गांव गुमथलागढू के पास पहुंचे तभी गांव गुमथलागढू की ओर से आ रहे निजी स्कूल बस चालक ने अपनी बस के सड़क के बीच अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार बस के साथ टकरा गई और कार में सवार उसकी पत्नी ज्योति, सुषमा व संजीव गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि उनके बच्चों को भी कुछ चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।