गांव संधौली में एक परिवार की शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। शनिवार को जिस बड़े भाई के साथ छोटा भाई बारात लेकर अपनी दुल्हन लेने के लिये जाने वाला था उसी बडे भाई का शव उसे अपने कंधों पर उठाना पड़ा। शादी की मेंहदी लगे हाथों से मोहित को अपने बड़े भाई रोहित की अर्थी को उठाना पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद जब रोहित, विजय व सूरज का शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव सांत्वना देने के लिए परिजनों के घर पहुंचा। गमगीन माहौल अलग-अलग समय पर तीनों का संस्कार किया गया। वहीं रोहित को मुखाग्नि उसके बेटे ने दी। अपने बच्चों के शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे के शव को देख माता-पिता कई बार बेसुध हुए। हर किसी की आंख नम थी।
बता दें शनिवार को रोहित के छोटे भाई मोहित की शादी थी। एक दिन पूर्व शुक्रवार को मोहित की घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान रात्रि साढ़े नौ बजे रोहित मोटरसाइकिल पर अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मुर्तजापुर में टेंट का सामान देकर वापस गांव आ रहा था। गांव संधौली के पास सड़क हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव शुक्रवार रात्रि एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष मेें रखवा दिए थे। शनिवार को तीनों के शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तीनों के शवों का गांव में अलग-अलग समय पर संस्कार किया गया।
पांच साल पहले हुई थी रोहित की शादी
रोहित की शादी पांच साल पहले हुई थी। रोहित के पास दो बच्चों भी थे। वह मेहनत-मजदूरी का काम करता था। हादसे में मौत के बाद रोहित की पत्नी व उसके बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।