प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। इस योजना के तहत लाभार्थी मरीज पत्थरी व मोतियाबिंद सहित सामान्य ऑपरेशन निजी अस्पतालों में करा पा रहे है, बल्कि स्टेंट हार्ट सर्जरी, कैंसर से संबंधित सर्जरी व उपचार, घुटने बदलने जैसे महंगे उपचार भी निजी अस्पतालों में सुगमता से करा रहे हैं। अब तक करीब 2200 मरीज इस योजना का लाभ उठा चुके है। इसके लिए मरीजों को सिर्फ एक आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनवाने की आवश्यकता होती है। आयुष्मान विभाग द्वारा सामाजिक, आर्थिक व जातिगत जनगणना 2011 के तहत जिलेभर के 70 हजार चयनित परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य निधार्रित किया है। हालांकि सिविल अस्पताल, पांच सामुदायिक केंद्रों और निजी अस्पतालों में स्थित आयुष्मान केंद्रों पर एक लाख 15 हजार चयनित लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 70 हजार परिवारों के करीब 2 लाख 80 हजार कार्ड बनाए जाने हैं। विभाग द्वारा वंचित लाभार्थियों से संपर्क कर आयुष्मान भारत योजना के तहत जागरूक किया जाएगा।
44 हजार चयनित परिवारों के घर भेजें पत्र, 20 टीमों ने किया लोगों को जागरूक
आयुष्मान विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रति आमजन को जागरूक व चयनित परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए आशा वर्करों के माध्यम से जिलाभर के 44 हजार परिवारों के घर में लाभार्थी के नाम पत्र भेजकर सूचित किया गया। इसके अलावा विभाग द्वारा 40 सक्षम युवाओं की 20 टीमें गठित की गई, जिसमें एक-एक टीम को 20-20 गांवों में डोर-टू-डोर जाकर जागरूक करने का कार्य सौंपा गया था।
आयुष्मान भारत योजना के प्रचार-प्रसार पर खर्च किए एक लाख
जिलाभर में आयुष्मान भारत योजना के प्रचार-प्रचार पर विभाग द्वारा एक लाख रुपये खर्च किए गए, जिसके तहत योजना से संबंधित सिविल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, सार्वजनिक स्थलों सहित सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में फ्लेक्स व बैनर लगाए गए। वहीं डोर-टू-डोर जाकर पैमफ्लेट्स वितरित किए गए। यही नहीं, 25 जनवरी को लघु सचिवालय में प्रदर्शनी आयोजित कर शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उक्त योजना को लेकर जागरूक किया गया।
15 से 23 सितंबर तक मनाया जाएगा आयुष्मान पखवाड़ा
केंद्र एवं प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 15 से 23 सितंबर तक आयुष्मान भारत योजना पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसके तहत आमजन को उक्त योजना के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके तहत सिविल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, सूचीबद्ध अस्पतालों में मरीजों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं जिलाभर में मुख्य स्थलों पर वॉल पेंटिंग, फलेक्स व बैनर लगाए जाएंगे। साथ ही एक राजकीय स्कूल का चयन कर पोस्टर मेंकिंग प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी, जिसमें प्रथम को 3 हजार, द्वितीय को 2 हजार और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को एक हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
योजना के तहत जिले के 24 अस्पतालों में हो रहा उपचार
23 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के पैनल पर उस दौरान जिले के मात्र 14 अस्पताल पैनल पर थे, जहां उक्त योजना के तहत लाभार्थी मरीज को नि:शुल्क उपचार दिया जा रहा था, लेकिन अब कुरुक्षेत्र में सिविल अस्पताल सहित 24 अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के पैनल पर है, जिनमें एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र, सीएचसी शाहाबाद, सीएचसी लाडवा, सीएचसी मथाना, सीएचसी पिहोवा, सीएचसी झांसा, राधा कृष्ण अस्पताल कुरुक्षेत्र, सिम्स अस्पताल, सिग्नस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सेठी नर्सिंग होम, अग्रवाल नर्सिंग होम, एस मेहता सर्जिकल एंड मेटरनिटी अस्पताल, सोबती नर्सिंग होम, कुरुक्षेत्रा नर्सिंग होम, पीडी मेमोरियल चौहान आई एंड मेटरनिटी अस्पताल, श्री बालाजी आरोग्यम अस्पताल, सैनी आई केयर सेंटर, बीएस हार्ट केयर एंड मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, सरस्वती मिशन अस्पताल, न्यू अपना अस्पताल, सोनी ऑर्थोपेडिक अस्पताल कुरुक्षेत्र, सिद्धार्थ अस्पताल व आदेश मेडिकल कॉलेज व अस्पताल शाहाबाद शामिल है। हालांकि कुछ निजी अस्पताल संचालकों ने उक्त योजना के तहत अपने अस्पताल को पैनल पर लेने के लिए आवेदन नहीं किया और कुछ अस्पताल संचालक दस्तावेजों की कमियों के चलते आवेदन करने से वंचित रह गए।
2200 मरीज नि:शुल्क उपचार से लाभांवित: उज्ज्वल
आयुष्मान भारत योजना के जिला सूचना अधिकारी उज्ज्वल वर्मा ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना गरीब व वंचितों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में अब तब 2200 मरीज निजी अस्पतालों में आंख, कान व गला, पथरी, हार्ट सर्जरी, कैंसर से संबंधित सर्जरी व उपचार, घुटने बदलने जैसे महंगे उपचार नि:शुल्क करा चुके हैं। निजी अस्पतालों द्वारा करीब 2 करोड़ रुपये का क्लेम किया गया, जो सरकार द्वारा वहन किया गया। उन्होंने बताया कि लाभार्थी मरीज पीएम जेएवाई एंड्रॉड एप के जरिए अपने नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं इस एप के माध्यम से उक्त योजना के संदर्भ में अन्य विस्तृत जानकारियां भी हासिल कर सकते हैं।