श्रीकृष्णा आयुष यूनिवर्सिटी में रैगिंग का मामला सामने आया है। बीएएमएस प्रथम वर्ष के दो छात्रों ने सीनियरों पर रैगिंग करने का आरोप लगाया है। दोनों ने इसकी लिखित शिकायत कुलपति डॉ. बलदेव धीमान से करते हुए दोषी छात्रों पर कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने की धमकी दी है। वहीं, विश्वविद्यालय ने दोनों आरोपी छात्रों को निलंबित करते हुए उन पर बीस हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। इसके साथ ही हॉस्टल के प्रॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जबकि इस सबसे अलक कुलपति ने इसे आपसी रंजिश का मामला बताया है।
विश्वविद्यालय के बीएएमएस प्रथम वर्ष के दो विद्यार्थियों ने कुलपति को दी शिकायत में बताया कि काफी दिनों से बीएएमएस द्वितीय वर्ष के दो छात्र उन्हें रैगिंग के नाम पर मानसिक रुप से परेशान कर रहे हैं। शुक्रवार रात वह दोनों हॉॅस्टल में बैठे थे। इस दौरान दो सीनियर साथी बाहरी युवकों के साथ आये और उनसे मारपीट की। दोनों का आरोप है कि उन्हें गले से पकड़ हॉस्टल के बाहर तक घसीटा गया और मारपीट की गई। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर विश्वविद्यालय के इन आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेंगे।
छात्राओं से सीनियर बोले- सड़क पर डांस करो
विश्वविद्यालय में बीएएमएस की तीन छात्राओं ने भी कुलपति को उक्त सीनियर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत मेें बताया कि कुछ समय पहले उनके साथ भी सीनियर छात्र ने रैगिंग के नाम पर उसे सड़क पर नाचने के लिए मजबूर किया था और कई बार सड़क पर रोक उसके साथ बदतमीजी भी की। इन कारणों से वह काफी असुरक्षित महसुस कर रही है।
आपसी रंजिश का है मामला: कुलपति
आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलदेव धीमान ने बताया कि यह रैगिंग का मामला नहीं है। पिछले कुछ दिनों से इन छात्रों में किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा चल रहा था। सभी छात्रों को विश्वविद्यालय में पढ़ते हुए तकरीबन एक साल होने वाला है, ऐेसे में यह मामला रैगिंग का नहीं होते हुए आपसी रंजिश का है। इस मामले को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया है जो इसकी जांच कर रही है।