कुुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए युवा कल्याण परिषद द्वारा दो दिवसीय प्रतिभान्वेषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके तहत हुई भाषण प्रतियोगिता में आस्था ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. विजेश्वरी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
इस अवसर पर परिषद की संयोजिका डॉ. सुमन राजन ने कहा कि आज की भारतीय युवा पीढ़ी को अनेक संघर्षों एवं संतापों के बाद मिली आजादी के महत्व से अवगत कराना तथा आधुनिक युग में मनुष्य द्वारा प्रकृति के निर्मम दोहन के प्रति सचेत करना ही इन प्रतिस्पर्धाओं का उद्देश्य है। प्रतियोगिता में कुल नौ विधाओं के अंतर्गत छात्राओं ने प्रथम दिन भाषण, काव्य-पाठ, प्रश्नोत्तरी तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। मंगलवार को दूसरे चरण में नृत्य गायन, वाद्य यंत्र वादन, मिमिक्री तथा मोनोएक्टिंग में अपने कला कौशल का परिचय दिया।
भाषण प्रतियोगिता में छात्रा आस्था ने पहला, नताशा ने दूसरा, स्वाति ने तीसरा और तेजस ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। काव्य पाठ में कुल 7 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें तेजस बेनीवाल प्रथम, अंजलि द्वितीय, नताशा तृतीय स्थान पर रही। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पांच टीमों ने भाग लिया, जिसमें टीम ’सी’ (संजना, प्रियंका, प्रीति) प्रथम, टीम ’डी’ (हिमांशी शुक्ला, विशु और निकिता) द्वितीय तथा टीम ’ई’ (तानिया, तनु तथा मानसी) तृतीय स्थान पर रही। पेंटिंग में अंजलि, हरप्रीत कौर, कृतिका, निधि एवं कोमल, क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। गायन में आरती ने प्रथम, हर्ष तथा रजनी ने दूसरा और ईशा तथा मोनिका ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। वाद्य यंत्र वादन में आशु ने प्रथम, मिमिक्री एवं मोनो एक्टिंग में अमरिंदर कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा नृत्य में वंशिका एवं समूह ने पहला, सावन तथा नैना ने दूसरा तथा हिमांशी एवं गुंजन गेरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विजेश्वरी शर्मा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की तथा सभी प्रतिभागियों को शुभाशीष प्रदान करते हुए निरंतर इसी ऊर्जा से गतिशील रहने एवं अपने कौशल को निखारते रहने के लिए प्रेरित किया।