इस्माईलाबाद। ताऊ की मौत का बदला लेने के लिए छह दिन पहले आरोपी ने अनाज मंडी आढ़ती हरविलास की गोलियां मारकर हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी व उसका साथी पंजाब भाग गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें काबू किया तो वारदात के पीछे का राज भी खुल गया। पुलिस ने दो आरोपियों के साथ-साथ वारदात में प्रयोग की गई बुलेट बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी अदालत में पेश किए गए, जहां से उन्हें पांच दिन के रिमांड पर लिया गया।
मामले की जांच कर रहे सीआईए वन के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले दिन से ही पुलिस मामले के हर एंगल को लेकर जांच में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पंजाब के गांव अहरू खुर्द के एक व्यक्ति का कई साल पहले मृतक हरविलास के साथ विवाद हुआ था। जिसके बाद उस व्यक्ति ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने मामले तार बदले से जुड़े होने के चलते जांच शुरू की तो परतें खुलती गईं। जब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर अहरू खुर्द पंजाब के खेतों में बने ट्यूबवेल के मकान से गुरमान सिंह (23) निवासी अहरू खुर्द पंजाब व परवीर सिंह (20) निवासी टुंडली अंबाला को शक के आधार पर गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पूरा राज ही खुल गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी काफी आपराधिक मामले दर्ज है। सख्ती से पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना माना। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी बरामद कर ली गई है।
हरविलास ने सेल्समैन बंसी पर डाल दिया घोटाले का आरोप
सीआईए वन के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले के आरोपी गुरमान सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसका ताऊ हरबंसी सिंह उर्फ बंसी गांव सौंटी की सोसायटी में सेल्समैन था तथा वहां पर हरविलास सिंह मैनेजर था। सोसायटी में हरविलास ने बहुत बड़ा घपला किया था और उसने अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए सारा मामला उसके ताऊ पर डाल दिया था। बदनामी के डर से उसके ताऊ ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी थी। उनकी मौत का बदला लेने के लिए ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपी बोला, ताऊ से था बहुत लगाव : सुरेंद्र
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गुरमान सिंह ने माना कि उसके ताऊ हरबंसी से उसका बहुत लगाव था। यहां तक कि उसकी पढ़ाई लिखाई का खर्चा भी उसका ताऊ ही देता था। उसका ताऊ एक ईमानदार व्यक्ति था लेकिन हरविलास ने उनकी ईमानदारी का गलत फायदा उठाया। जिसके चलते उसके ताऊ ने आत्महत्या कर ली थी। उसके ताऊ की मौत के बाद उसका पूरा परिवार बिखर गया और उसकी पढ़ाई भी छूट गई थी।