कुरुक्षेत्र। शाहाबाद क्षेत्र में टांगरी नदी के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोलपुरा गांव के सुखविंद्र सिंह उर्फ अंकित राणा (27) के रूप में हुई है। वह गांव के सरपंच प्रतिनिधि का भतीजा था और खेती-बाड़ी करता था। उसकी शादी को केवल आठ महीने ही हुए थे। वह 24 घंटे से लापता था।
सरपंच प्रतिनिधि रामपाल राणा ने बताया कि अंकित उनके बड़े भाई ओमपाल का बेटा था। वह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे से लापता हो गया था। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 15 मिनट पर घर के पास टांगरी नदी के पानी से भरे गड्ढे में अंकित की चप्पल दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे से शव निकलवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अंकित पैर फिसलने से गड्ढे में गिर गया था। पुलिस ने इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।