इस्माईलाबाद। खेत से ट्यूबवेल की केबल चोरी करते हुए एक चोर को किसानों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है।
गांव डेरा जलबेहडा के रहने वाले हरभजन सिंह ने शिकायत में बताया कि उनके खेत में ट्यूबवेल का कोठा बना हुआ है। 23 मई की रात को ट्यूबवेल से कुछ आवाजें आ रही थी। वहां जाकर देखा कि तीन व्यक्ति खेत के कोठे के अंदर ताला तोड़कर घुसे हुए हैं। उन्होंने अपने बेटे कुलदीप सिंह को भी मौका पर बुला लिया। उन्होंने तीनों को पकड़ने की कोशिश की और शोर मचा दिया। उसके बाद तीनों चोर भागने लगे। एक आदमी का पीछा कर उन्होंने उसे पकड़ लिया। जब उस व्यक्ति से उसका नाम पता पूछा तो उसने अपनी पहचान कैथल गांव के रहने वाले अमरीक के रूप में बताई।
विज्ञापन
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिल कर उसके ट्यूबवेल से करीब 62 फुट आठ एमएम की केबल चोरी कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक रामपाल शर्मा ने कहा कि जल्द ही केबल चोर गिरोह के अन्य सदस्यों को काबू कर लिया जाएगा। इसके अलावा चोरी का तांबा चोर किस दुकान पर बेचते थे और कौन कौन इस वारदात में उनके साथ है जल्द ही पूरे मामला का खुलासा कर दिया जाएगा।
केबल चोर गिरोह को जल्द पकड़ने की किसानों ने की मांग
केबल चोर पकड़े जाने की सूचना से कई गांवों के किसान थाना में परिसर में एकत्रित हो गए और थाना प्रभारी रामपाल शर्मा से मिलकर पूरे केबल चोर गिरोह को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। किसानों ने कहा कि किसान केबल चोर गिरोह को पकड़ने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। गत रात्रि एक केबल चोर किसानों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। उन्हें उम्मीद है कि अब पुलिस पूरे गिरोह को पकड़ लेगी, जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।