कुरुक्षेत्र। इशरगढ़ गांव के पास हादसे में घायल हुई दपंति का उपचार करते हुए चिकित्सक व नर्स स्टा
शाहाबाद। इशरगढ़ गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार अधेड़ दंपती समेत उनके दो पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। चारों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में घायल शादीपुर गांव निवासी मोहम्मद यासीन ने बताया कि वह अपनी पत्नी अनवरी और दो पौत्रों समीर व आर्यन खान के साथ मोटरसाइकिल पर रिश्तेदारी में चनारथल गांव जा रहे थे। जब वे शाहाबाद के नजदीकी गांव इशरगढ़ के पास पहुंचे तो इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोट आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। शाहाबाद थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि अस्पताल से हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं। शिकायत के आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
कुरुक्षेत्र। इशरगढ़ गांव के पास हादसे में घायल हुई दपंति का उपचार करते हुए चिकित्सक व नर्स स्टा