कुरुक्षेत्र/लाडवा। बदरपुर गांव में सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक किसान को गोली मार दी। वारदात से पहले उन्होंने अंकल, अंकल की आवाज लगाकर पहले गेट खुलवाया और फिर फायरिंग कर दी, इसमें से दो गोलियां 54 वर्षीय जयप्रकाश की छाती में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए। सूचना के बाद एसपी वरुण सिंगला अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पीड़ित की पत्नी निर्मला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे उसके पति जयप्रकाश चाय पीकर चारपाई पर बैठे हुए थे। उसी समय चादर से मुंह ढककर आए दो युवकों ने जोर जोर से अंकल, अंकल की आवाज लगाकर लोहे का गेट खटखटाया। जैसे ही उसके पति ने गेट खोला तो एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसके पति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। फायरिंग की आवाज सुन परिवार के अन्य लोग भी गेट की तरफ दौड़े। परिजनों को आता देख बदमाश बाइक पर बैठकर भाग गए। परिजन अन्य लोगों की सहायता से घायल को पहले सामुदायिक केंद्र लाडवा में ले गए जहां से उन्हें एलएनजेपी नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यहां से उन्हें गंभीर हालत में चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया लेकिन परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले आए। फायरिंग का पता चलते ही एसपी वरुण सिंगला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह व सीआईए की टीमें लगातार आरोपी बदमाशों की पहचान के लिए गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस के मुताबिक जयप्रकाश खेती बाड़ी का काम करते हैं। उसके पास करीब चार एकड़ जमीन है। किसानी के साथ वह पशुओं की खरीद-फरोख्त का भी काम करते हैं।
पहले लगा विदेश जाने की खुशी में पटाखे बजा रहे हैं परिजन : मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि पहले उन्हें लगा कि गांव में से कोई युवक विदेश गया है जिसकी खुशी में परिजन पटाखे बजा रहे हैं। लेकिन जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। इस तरह से सरेआम इतनी बड़ी वारदात कर दी गई। इससे पता चलता है कि बदमाशों के हौंसले कितने बुलंद है।